ग्राम हरकपुर मे युवक की आत्महत्या के बाद बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
खंडासा थाना क्षेत्र के ग्राम हरखपुर में रविवार भोर एक युवक ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने वीडियो क्लिप तैयार की है जिसमें अपनी मौत के लिए प्रेमिका और पुलिस को जिम्मेदार बताया है।
मृत युवक के पिता ने खंडासा थाना पुलिस पर बेटे को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। स्थित तनावपूर्ण देखते हुए सीओ मिल्कीपुर, सहित कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात गांव के लोगों ने खंडासा थाने को घेर लिया। लोग युवती और उसकी मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रहे थे।
रविवार भोर खंडासा थाना क्षेत्र के हरखपुर गांव के अभिषेक सिंह (22) पुत्र रणजीत सिंह ने अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित बाग में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृत युवक ने मरने से पहले दो पेज के सुसाइड नोट व दो वीडियो क्लिप में आत्महत्या के लिए पुलिस प्रताड़ना व लड़की को जिम्मेदार बताया है।
उसने यह भी लिखा है कि यह वही स्थल है जहां वह उस लड़की से मिला करता था। घटना स्थल से बरामद युवक की डायरी व मोबाइल फोन में सिलसिलेवार पूरी घटना लिखी गई है। वीडियो क्लिप भी पुलिस प्रताड़ना की हकीकत बयां कर रही है।
मृत युवक के शरीर पर पुलिस प्रताड़ना के निशान खुद ब खुद सच्चाई बता रहे है। मृत युवक के पिता ने बताया मेरे बेटे को अमानीगंज के दूसरे संप्रदाय की लड़की ने झूठा आरोप लगाकर छेड़खानी के मुकदमे में फंसा दिया था।
बेटा बार-बार आरोप को झूठा बताता रहा लेकिन पुलिस ने एक भी न सुनी। उसे कई प्रताड़नाएं दीं। कोर्ट से शनिवार को ही बेल कराकर पुत्र को घर लाया था। तनाव को देखते हुए खंडासा, कुमारगंज, इनायतनगर व रुदौली कोतवाली की पुलिस मौजूद रही।