ग्राम पंचायत तारुन के मजरे यादवपुर में सोमवार की दोपहर एक अधेड़ महिला ने केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली। आग का गोला बनी महिला जब चीखते हुए बाहर भागी तो उसके शरीर से निकल रही आग की लपट छप्पर में छू गई। इससे छप्पर भी जल गया है।
गंभीर हालत में झुलसी महिला को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई है। बताते हैं कि तारुन गांव के मजरे यादवपुर निवासी रामचरन की पत्नी सोनपती देवी (50) का दिमागी संतुलन दो वर्ष से ठीक नहीं था।
सोमवार की दोपहर सोनपती घर पर अकेली थी। उसने डिब्बे में रखे गये केरोसिन को अपने सिर के ऊपर उडे़ल लिया और माचिस जलाकर खुद को आग के हवाले कर दिया। चंद पलों में ही शरीर आग का गोला बन गया और वह अपने बचाव में घर के छप्पर की तरफ भागी।
आग की लपट छप्पर में लग गयी, जिससे छप्पर भी धू-धू कर जलने लगा। गांव के लोगों के हल्ला गोहार पर सैकड़ों लोग जुट गये। सोनपती को गंभीरावस्था में तारुन सीएचसी ले जाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि गंभीर रूप से झुलसी सोनपती की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी प्रेम नारायण तिवारी ने सोनपती के आत्मदाह के बाद पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम कराया है।