प्रमोदवन स्थित सत्यदेव दास सेवा ट्रस्ट जानकी रमण कुंज में शनिवार को साकेतवासी महंत की तेरहवीं भंडारे के समय अलग-अलग दो महंतों की महंती का विवाद रविवार को एसएसपी की चौखट तक पहुंचा। ट्रस्टियों की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश पर मंदिर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कामता दास को मंदिर से बाहर निकालने की कार्रवाई की।
बता दें कि शनिवार को मंदिर के साकेतवासी महंत कौशलेंद्र दास का तेरहवीं भंडारे के आयोजन के दौरान मंदिर में अलग-अलग समय में संतों ने वशिष्ठ दास व कामता दास को कंठी चादर देकर महंत बनाया था। हालांकि मंदिर के ट्रस्टियों ने दोनों की महंती का विरोध किया तो पुलिस ने शनिवार को ही वशिष्ठ दास को मंदिर से बाहर का रास्ता दिखाया।
सत्यदेव दास सेवा ट्रस्ट जानकी रमण कुंज के अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह व सचिव लक्ष्मी नारायण सिंह व ट्रस्टी राम सुभग, चंद्रशेखर शर्मा, रघुवंश शर्मा, राम बहादुर सिंह ने बताया कि रविवार को एसएसपी से फोन पर मुलाकात का समय मांगा तो उन्होंने शिकायत सुनी और कार्रवाई का निर्देश दिया। बताया कि मंदिर पर कोतवाली पुलिस ने पहुंच कर कामता दास को मंदिर से बाहर निकाल दिया है। हालांकि मंदिर में महंत की लेकर विवाद थमा नहीं है।