अवध विश्वविद्यालय परिसर स्थित कौटिल्य प्रशासनिक भवन में मंगलवार को हुई बैठक के पहले टेंट लगाने को लेकर एक दरोगा और प्रोफेसर में कहासुनी हो गई। इस दौरान दरोगा ने प्रोफेसर को तमाचा मार दिया।
बाद में उसे जब लोगों ने घेरा और प्रोफेसर का परिचय दिया तो उसने माफी मांग ली। इसके बाद मामला शांत हो गया है। परिसर में कुलपति कार्यालय के पास प्रशासन की ओर से टेंट लगाया जा रहा था।
प्रॉक्टर प्रो. आरएन राय टेंट लगाने से मना करने लगे। प्रॉक्टर का कहना था कि यहां पर टेंट लगने से विवि का कार्य प्रभावित होगा। मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक को मना किया जाना नागवार लगा और प्रो. आरएन राय के साथ अभद्रता कर दी, उन पर हाथ से प्रहार कर दिया।
इसके बाद उपनिरीक्षक को लोगों ने घेरा और फटकारा तो उसे पता चला कि ये प्रोफेसर हैं तो उसने क्षमा याचना की। प्रॉक्टर आरएन राय ने कहा कि दरोगा के माफी मांगने पर मामला खत्म हो गया है।