फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विद्यालय में ठंड से छात्र की जान गई

Mon, 18 Jan 2016 11:09 PM IST
फैजाबाद/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
स्कूल में बच्चे की मौत होने की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर एबीएसए ने जाकर जांच की है। प्रशासन मौत की वजह मिर्गी जैसी बीमारी को बता रहा है लेकिन शिक्षकों के मुताबिक छात्र की मौत ठंड से हुई है। छात्र बेहद गरीब परिवार का था, उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है, बोलने में असमर्थ मां उसे जैसे-तैसे पाल रही थी।
विज्ञापन


रसूलपुर अम्मो निवासी अजीज (11 वर्ष) का परिवार काफी गरीब है। पिता जज्बार की पहले ही मौत हो चुकी है। बोलने में असमर्थ मां के ही कंधे पर छह सदस्यीय कुनबे की जिम्मेदारी है। परिवार में एक बड़ा भाई है जो गुजरात में मेहनत मजदूरी करता है। कक्षा छह का छात्र अजीज रोज की तरह समय पर स्कूल गया था।

हेडमास्टर देव नारायण का कहना है कि अचानक 11 बजकर 45 मिनट पर अजीज गिरा और कांपने लगा। उसे जैसे तैसे चौरे बाजार ले जाकर चिकित्सक को दिखाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही एबीएसए कमला प्रसाद प्रजापति व शिक्षक संघ के पूर्व जिला मंत्री संजय उपाध्याय पहुंचे। गांव वालों ने छात्र के शव को बिना पोस्टमार्टम के दफन करवा दिया।
विज्ञापन


तहसीलदार अरुण कुमार मिश्र ने जांच के लिए हल्का लेखपाल को भेजा है। उन्होंने बताया की छात्र की मौत मिर्गी की बीमारी से हुई है, वैसे उसकी जांच करवाई जा रही है। देर शाम को गांव से मिली सूचना के अनुसार प्रशासन ने गांव वालों से स्वाभाविक मौत बताने की लिखा पढ़ी शुरू कर दी है।

वहीं मौके पर मौजूद प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिला मंत्री संजय उपाध्याय ने कहा कि छात्र अजीज बेहद गरीब परिवार का है, वह सिर्फ शर्ट और हाफ स्वेटर पहने हुए था, उसकी मौत ठंड से हुई है। एसडीएम बीकापुर धर्मपाल सिंह ने बताया कि बच्चे की मौत पर परिवार की सहायता के लिए मुख्यमंत्री के विवेकाधीन कोष से मदद के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।

मां की आंखों का तारा था अजीज
फैजाबाद। रसूलपुर गांव में रुदन व सिसकियां गूंज रही हैं। अजीज की मूक मां की आंखों से आंसुओं की धार बह रही है। मुफलिसी से जकड़े इस परिवार के पास बमुश्किल डेढ़ बीघा खेत है। राजिया बेगम के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। वह बीपीएल कार्डधारक है और उसी के कंधे पर पूरे परिवार का बोझ है।

बेटा रिजवान मजदूरी करने गुजरात गया है। राजिया बेगम जैसे-तैसे शाहजहां, रिजवान, सफीना, अजीज व शाजिया की परवरिश कर रही है। बड़ी बेटी शमा की शादी हो चुकी है। सोमवार को कड़ाके की ठंड में अजीज स्कूल पहुंचा तो उसके बदन पर सिर्फ शर्ट व हाफ स्वेटर था।

अपना भविष्य गढ़ने में लगा अजीज पढ़ रहा था कि अचानक जोर से कांपने लगा और फिर गिरा तो उठ नहीं पाया। उसकी सांसों की डोर स्कूल में ही टूट गई। मगर प्रशासन उसकी मौत को स्वाभाविक मौत बनाने की जद्दोजहद में लगा है। तहसीलदार ने शुरुआती दौर में मिर्गी जैसी बीमारी होने की बात कही।

हालांकि अजीज की मौत से बेसिक शिक्षा विभाग चेता है। कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों के टाइमटेबल में परिवर्तन किया गया है। 31 जनवरी तक विद्यालय सुबह 10 बजे से अपराह्न दो बजे तक खुलेंगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें