लखनऊ से फैजाबाद आ रही पैसेंजर ट्रेन के एक यात्री को चाय पिलाकर बेहोश करने के बाद सामान चुराकर भाग रहे दो युवकों को रेल यात्रियों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। बाराबंकी स्टेशन पर हुई घटना में पकड़े गये जहरखुरानों को जीआरपी फैजाबाद के हवाले कर दिया गया है।
गोसाईंगंज निवासी एक यात्री की तहरीर पर बुधवार को दोनों युवकों का चालान कर दिया गया। जहरखुरानी का मामला बाराबंकी भेजा गया है।
गोसाईगंज निवासी यात्री विजय वर्मा की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक ट्रेन बाराबंकी में रुकी तो जिला अंबेडकरनगर थाना जहांगीरगंज के मठिया निवासी राजू प्रजापति को चाय में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया।
कुछ देर बाद राजू बेहोश हो गया तो उसकी पैंट से 560 रुपया, पुराना पैंट-शर्ट और मोबाइल निकालकर दो लोग भागने लगे। इस पर यात्रियों ने शोर मचाकर उन्हें दबोच लिया। बाद में जीआरपी को सौंपा गया है।
थानाध्यक्ष जीआरपी भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गोसाईगंज निवासी विजय वर्मा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बुधवार को दोनों युवकों का चालान कर दिया गया।
पकड़ा गया सौरभ सदर कोतवाली जिला शाहजहांपुर व रोहित जिला चंदौसी संभल का मूल निवासी है। दोनों वर्तमान में दिल्ली में रहते हैं।