आगजनी में धार्मिक पुस्तकें व चटाई समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। इससे आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को बैठक कर जिला प्रशासन को दोषियों की शिनाख्त व गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे की मोहलत दी है।
शहर में हालात के मद्देनजर कई थानों की पुलिस समेत आरपीएफ गश्त कर रही है। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नगर कोतवाली से थोड़ी दूर हैदरगंज मोहल्ले की ओर जाने वाले रास्ते पर मुगलपुरा मोहल्ले में एक धार्मिक स्थल है। सोमवार रात करीब 12 बजे चौक व जमुनियाबाग के पास ठेला लगाने वाले मिठाई कारोबारी हैदरगंज मोहल्ले के रास्ते से गुजरे तो आग की लपटें देख हल्ला मचाया। गोहार पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए।
किसी तरह आग पर काबू पाया। धार्मिक स्थल में आगजनी की सूचना पर आला अधिकारी दौड़ पड़े। विधि विज्ञान प्रयोगशाला का विशेषज्ञ दस्ता, स्वॉट टीम, डॉग स्क्वायड व फिंगर प्रिंट दस्ता बुलाया गया।
जांच पड़ताल में धार्मिक स्थल के कमरे की खिड़की के पास नाली में एक प्लास्टिक की अधजली बोतल मिली। जिससे पेट्रोल की गंध आ रही थी। कमरे में रखी पुस्तकें, चटाई, फर्नीचर, लकड़ी की अलमारी, बर्तन आदि आग में जल गए।
जांच में जुटे अधिकारियों ने मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं। मामले में धार्मिक स्थल के प्रमुख की ओर से अज्ञात के खिलाफ आगजनी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मौके की नजाकत को देखते हुए आरपीएफ के साथ कैंट, रौनाही, पूराकलंदर आदि थानों की पुलिस को बुला ली गई। एसएसपी उमेश कुमार ने मौके का दौरा किया और एडीएम एफआर, एडीएम सिटी राम निवास शर्मा, प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट कंचनराम समेत अन्य हालात की निगरानी में जुटे रहे।
मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने बैठक कर जिला प्रशासन को दोषियों की शिनाख्त व कार्रवाई के लिए 48 घंटे की मोहलत देने का निर्णय लिया गया।
इस आशय का ज्ञापन मौके पर मौजूद एडीएम वित्त एवं राजस्व जयशंकर त्रिपाठी को सीओ सिटी प्रशिक्षु आईपीएस यमुना प्रसाद की मौजूदगी में सौंपा गया।
एसएसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संवदेनशील व मिश्रित आबादी वाले स्थलों की सुरक्षा सख्त कर दी गई है। जल्द अराजक तत्वों का पकड़ा जाएगा। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। सभी लोग अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई में साथ हैं।