अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात रास्ते में झगड़ रहे बाइक सवारों ने बीच-बचाव पर एक सपा कार्यकर्ता को गोली मार दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जख्मी हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
दर्शननगर क्षेत्र के सरेठी गांव निवासी रामजी यादव उर्फ भल्लू रात को हाईवे पर जा रहे थे। रास्ते में गोगुल ढाबे के पास दो बाइक सवार आपस में झगड़ रहे थे।
उन्होंने वहां रुक कर बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस पर एक बाइक सवार ने उन्हें गोली मार दी। बताया जाता है कि गोली उनके सीने में लगी।
वारदात के बाद बाइक सवार भाग निकले। सूचना पर अयोध्या कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उसने जख्मी रामजी यादव को जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देख लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि फरार युवकों की तलाश की जा रही है।