नगर कोतवाली क्षेत्र के जफ्ती वजीरगंज में एक धार्मिक स्थल पर मूर्ति तोड़े जाने से देर शाम हड़कंप मच गया। सूचना पाकर एसपी सिटी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल की।
घटना की खबर पाकर मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। पुलिस का कहना है कि किसी अराजक तत्व की हरकत है। नई मूर्ति मंगाई जा रही है।
शहर के फतेहगंज से देवकाली मार्ग पर स्थित जफ्ती वजीरगंज मोहल्ले में व्यापारी विट्टल साहू ने अपनी भूमि में सौ साल पहले धार्मिक स्थल बनवाया था, यहां मोहल्ले के लोग पूजा-अर्चना करते हैं।
धार्मिक स्थल पर कई मूर्तियां विराजमान हैं। यहां की देखरेख करने वाले शिवश्याम साहू ने बताया कि मंगलवार शाम को पूजन करने गए तो एक मूर्ति नीचे गिरी दिखी। यह मूर्ति कई जगह से क्षतिग्रस्त थी।
सूचना पर आसपास के सैकड़ों लोग आ गए। पुलिस की सूचना दी गई। मौके पर कोतवाल दल-बल के साथ आ गए। मोहल्ले में मिश्रित आबादी होने से उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
एसपी सिटी, सीओ सिटी समेत भारी फोर्स पहुंची। लोगों ने अराजक तत्वों की गिरफ्तारी की मांग की है, साथ ही मूर्ति ठीक कराने को कहा।
एसपी सिटी आरएस गौतम ने कहा कि किसी शरारती तत्व की करतूत है, नई मूर्ति मंगवाकर स्थापित कराई जा रही है। लोगों को समझा-बुझाकर घरों में भेज दिया गया है। जल्द ही घटना में शामिल शख्स को पकड़ा जाएगा।