नगर कोतवाली क्षेत्र के पॉश कॉलोनी कौशलपुरी में चोरों ने एक मकान पर धावा बोल करीब छह लाख का माल उड़ा लिया। मकान पीएसी कर्मी का है। जानकारी पर पुलिस ने मौका-मुआयना व पड़ताल की है। 50 हजार नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की तहरीर दी गई है।
कौशलपुरी कॉलोनी निवासी द्वारिका प्रसाद वर्तमान में गोंडा जिले मे 30 बटालियन पीएसी में तैनात हैं। उनकी पत्नी जानकिला भी गोंडा जिले में ही पुलिस विभाग में काम करती हैं। पीएसी जवान द्वारिका प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि 25 सितंबर को वह पत्नी तथा बच्चों के साथ गोंडा चले गये थे।
मंगलवार की दूसरी पहर घर तीन बजे वापस आवास पर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। पड़ताल की तो सभी कमरों के ताले व अलमारी का लॉकर टूटा मिला और सामान अस्तव्यस्त था। कंट्रोल रूम को सूचना पर साढ़े पांच बजे नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच मौका-मुआयना व पड़ताल की है।
उन्होंने बताया कि चोर घर में चल रही मरम्मत के लिए रखे 50 हजार रुपये के साथ सोने-चांदी के जेवर आदि ले गये हैं। लगभग छह लाख की चोरी हुई है। नगर कोतवाल एके राय ने बताया कि जानकारी पर छानबीन की जा रही है।