फैजाबाद नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रभारी समेत दो अन्य के खिलाफ दुराचार व लूटपाट का केस दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजवाया है।
पीड़ित युवती ने शुक्रवार की देर शाम प्रभारी एसएसपी एसपी सिटी संकल्प शर्मा से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि प्रेमजाल में फंसाकर पुरानी सब्जी मंडी निवासी सरफराज उर्फ पाले ने उसका शारीरिक शोषण किया और फिर शादी कर ली।
इसके बाद अपने दोस्त बसपा नेता बज्मी सिद्दीकी की सेवा में सौंप दिया। दो बार लखनऊ ले गया और वहां बज्मी ने उसके साथ दुराचार किया। एक बार उसको सरफराज के भाई रहमान ने लखनऊ पहुंचाया था।
इधर बीच बसपा नेता बज्मी उसको नैनीताल ले जाना चाहते थे। आरोप है कि शुक्रवार को दूसरी पहर बज्मी, सरफराज उर्फ पाले व उसका भाई रहमान तथा पिता सुलेमान उसके घर पहुंचे और गालीगलौज करते हुए मारापीटा तथा जान से मार डालने की धमकी दी।
गले से सोने की चेन, पांच हजार रुपये तथा अन्य सामान लूट लिया। एसपी सिटी ने पीड़िता को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए नगर कोतवाली भेज दिया। नगर कोतवाल एके राय ने बताया कि पीड़िता का शिकायत पर देर रात बज्मी सिद्दीकी, पाले उर्फ सरफराज, रहमान तथा सुलेमान के खिलाफ दुराचार, लूटपाट, गालीगलौज व धमकी का केस दर्ज कर लिया गया।
उधर, बसपा नेता बज्मी सिद्दीकी का कहना है कि उनको साजिशन फंसाया जा रहा है। लोगों को फर्जी मामले में फंसाना और ब्लैकमेल करना उस युवती की फितरत है। कहा कि मामले में हमारी कोई भूमिका नहीं है।