पानीपत। थाना शहर के अंतर्गत गांव बिचपड़ी में गोतस्करों को गाय चोरी करने से रोका तो उन्होंने व्यक्ति को गोली मार दी। गोली व्यक्ति के बाएं पैर पर लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर जागे परिजनों ने गोतस्करों का पीछा किया। इस पर गोतस्करों ने परिजनों पर भी गोली चला दी। गोतस्कर गायों को पिकअप में लोड कर भाग गए। घायल व्यक्ति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
त्रिलोक सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने घर के आगे पशु बाड़ा बनाया हुआ है। वह पेशे से दूध डेयरी संचालक है। शनिवार अलसुबह तीन बजे शोर सुनकर उसकी नींद खुली। उस वक्त छह-सात लोग बाड़े से गाय चोरी कर रहे थे। उसने चोरों को आवाज लगाकर रुकने को कहा। आरोपियों ने उसकी गाय को पिकअप में लोड कर लिया था। उसने आरोपियों पर पत्थरों से रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत बाड़े में पहुंचे। परिजनों ने तस्करों को रोकने का प्रयास किया तो गोतस्करों ने उन पर भी गोलियां चला दी। परिजनों ने ट्रक के पीछे छुपकर अपनी जान बचाई।
गोतस्कर पिकअप में दो गाय लोडकर भाग गए। परिजनों ने घायल त्रिलोक सिंह को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन त्रिलोक सिंह को असंध रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। ग्रामीण बलबीर सिंह, सुभाष शर्मा, बलजीत सिंह, रोतहास, प्रदीप, जगदीप सिंह व गुरबाज ने कहा कि पुलिस रात के वक्त उनके क्षेत्र में गश्त नहीं करती। गोतस्कर कई गाय चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। वह कई बार चोरों को पकड़कर पुलिस के भी हवाले कर चुके हैं, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने त्रिलोक सिंह के बयान दर्ज अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गांव बिचपड़ी में एक व्यक्ति को अज्ञात लोगों ने गोली मारी है। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने एक बाड़े से दो गाय चोरी कर व्यक्ति को गोली मारी है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
सुरेश कुमार, प्रभारी थाना शहर पानीपत।