अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के दर्शननगर-रसूलाबाद मार्ग पर सोमवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ईंट-भट्ठे के एक मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद रुपयों भरी अटैची छीनकर सरेठी की ओर भाग गए। सूचना पर पुलिस ने मैनेजर को जिला अस्पताल पहुंचाया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि अटैची में 50 रुपये नगद होने की बात कही जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। वैसिंह गांव में स्थित गोल्ड ईंट-भट्ठे का मैनेजर सुधीर बाधवानी उर्फ कालू (34) दर्शननगर-रसूलाबाद मार्ग होते हुए अपनी बाइक से भट्ठे पर जा रहा था।
वहां कार्यरत मजदूरों में सोमवार को हफ्ता बटना था, जिसके लिए मैनेजर ने लगभग 50 हजार रुपये व संबंधित कागजात एक अटैची में रखकर अपनी बाइक में फंसा रखा था। सुबह लगभग 8:15 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने मैनेजर की बाइक का पीछा किया।
समाहा कला गांव के पास ओवरटेक कर अपनी बाइक मैनेजर की बाइक के सामने खड़ी कर दी और रुपयों वाली अटैची छीनने लगे। मैनेजर ने इसका प्रतिरोध किया और अपनी बाइक आगे बढ़ा दी। इससे नाराज बदमाशों ने मैनेजर की बाइक का पीछा कर इसी मार्ग पर गढ़ी का पुरवा के पास उसे गोली मार दी और रुपयों वाली अटैची छीन भाग निकले।
गोली लगने से मैनेजर सड़क पर गिर पड़ा तो आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी और घायल मैनेजर को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लुटेरों की गोली का शिकार मैनेजर सुधीर बाधवानी पुत्र सुरेश चंद्र बाधवानी नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कंधारी बाजार का निवासी था।
वह रामनगर सिंधी टोला निवासी विवेक केवलानी के अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के वैसिंह गांव स्थित गोल्ड ईंट भट्ठे पर मैनेजर था। मामले की खबर पर रामनगर सिंधी कालोनी समेत शहर के विभिन्न इलाकों से सिंधी समुदाय तथा व्यापारी समाज के लोग जिला अस्पताल पहुंच गये।
इस दौरान जिला अस्पताल में पुलिस व मृतक के परिचितों का जमावड़ा रहा। घटना को लेकर व्यापारी नेता सुशील जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने एसपी सिटी से मुलाकात कर वारदात के जल्द खुलासे की मांग रखी।
प्रकरण में मृतक के पत्नी गीता बाधवानी ने तहरीर अयोध्या पुलिस को दी है। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ लूट के लिए गोली मारकर हत्या के आरोप में केस दर्ज किया गया है। फरार बदमाशों की तलाश कराई जा रही है।