नगर कोतवाली के व्यस्ततम गुदड़ी बाजार चौराहे पर मंगलवार रात बाइक सवार बदमाशों ने एक बीमा एजेंट का बैग छीन लिया और भाग निकले। बैग में 10 हजार रुपये के अलावा अन्य कागजात रखे हुए थे। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने पहले तो मामले को टरका दिया।
बाद में बुधवार को दी गई शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू हुई है। कोतवाली के अमानीगंज क्षेत्र स्थित अवधपुरी कालोनी निवासी बीमा अभिकर्ता अशोक कुमार गुप्ता मंगलवार को एक ऑटो पर सवार होकर रात आठ बजे गुदड़ी बाजार चौक से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे जबरदस्ती बैग छीन लिया।
इस घटना से ऑटो चालक भी दहशत में आ गया। बदमाश अयोध्या की ओर भाग निकले। मामले की सूचना कंट्रोल रूम को देने के साथ बीमा अभिकर्ता नगर कोतवाली पहुंचा और वारदात की जानकारी दी। मगर पुलिस ने सुबह आने की बात कह टरका दिया।
बुधवार सुबह पीड़ित नगर कोतवाली पहुंचा। पीड़ित का कहना है कि छीने गए बैग में 10 हजार रुपये, एटीएम कार्ड, बीमा संबंधी कागजात रखे हुए थे। नगर कोतवाल एके राय ने बताया कि दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच कराई जा रही है।