अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के मक्खापुर गांव में प्रधान प्रत्याशी के भांजे के अपहरण मामले में अपहृत युवक फैसल की हत्या कर दी गई। इस घटना में अपहरणकर्ताओं ने आठ लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
रकम न देने पर हत्या की चेतावनी दी थी, मगर युवक के मामा ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। अभी पुलिस पड़ताल में लगी थी कि बुधवार सुबह युवक का शव गांव हैवतपुर स्थित दुकान के पीछे पड़ा मिला।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने डॉग स्क्वयाड और फिंगर प्रिंट दस्ते को बुला लिया और पुलिस टीमों के साथ दस्तों ने छानबीन की। डॉग स्क्वायड प्रकरण में कोई अहम सुराग दे पाने में असफल रहा।
युवक की नाक से खून बह रहा था, जबकि गले को रस्सी को कसा से गया था। फैसल का सोमवार शाम अपहरण हो गया था और मंगलवार की सुबह उसी के मोबाइल से फिरौती मांगी गई थी।
प्रकरण में पुलिस ने फिरौती के लिए अपहरण का मामला दर्ज किया था। बुधवार की सुबह हैवतपुर गांव के लोग नित्यक्रिया के लिए खेत की ओर गये तो वहां एक युवक की लाश देखी।
सूचना पर पुलिस और आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट दस्ता बुलवाकर गहन छानबीन कराई गई। मृतक की शिनाख्त मक्खापुर निवासी अपहृत युवक मो. फैसल (20) के रूप में हुई तो गांव में सनसनी फैल गई।
मौके पर मजमा जुट गया। डॉग स्क्वायड केवल गांव जाने वाली सड़क तक ही रेकी कर पाया। शव से थोड़ी ही दूर पर फैसल का पांच कोसी परिक्रमा मार्ग किनारे दुकान व मकान है।
इसी भवन के पीछे उसके परिवार ने किराये पर देने के लिए बल्ली-पटरा एकत्र कर रखा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शव औंधे मुंह पड़ा था और पुट्ठे पर घसीटे जाने के चलते गीली मिट्टी लगी थी और सिर पर पीछे किसी वजनी चीज के प्रहार के निशान के चलते खून रिस रहा था।
नाक से भी खून रिसता पाया गया है। मृतक के हाथ की अंगुलियां और पूरा शरीर अकड़ा हुआ था। उसकी चप्पल थोड़ी दूर पर अलग-अलग पड़ी पाई गई है। मौके पर पहुंचे डीएम अनिल ढींगरा व एसएसपी मोहित गुप्ता ने मृतक के पिता से मामले की जानकारी ली।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि अगवा युवक का शव सुबह बरामद हो गया। दस्तों व पुलिस टीम की छानबीन के बाद शव का अंतिम संस्कार कराया गया है।
पीएम रिपोर्ट में हत्या 24 घंटे पूर्व होने की आशंका जताई गई है। पुलिस टीमें संदिग्धों और अन्य से पूछताछ कर वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।