कैंट थाना क्षेत्र में मानस नगर उसरू स्थित एक कबाड़ी की दुकान में सोमवार शाम जोरदार धमाका हो गया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बम खोजी व निरोधी दस्तों को बुला पड़ताल कराई और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां पर डॉक्टरों ने दोनों घायलों को हालत नाजुक देख लखनऊ ट्र्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
रायबरेली रोड पर स्थित कबाड़ी की इस दुकान में यह धमाका शाम करीब चार बजे हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गये और मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम व अधिकारियों को दी।
सूचना पर पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और हादसे की पड़ताल के लिए बम खोजी व निरोधी दस्ते तथा फिंगर प्रिंट दस्ते को मौके पर बुला लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि दुकान पर लगा टिनशेड कई टुकड़ों में टूट गया और सारा सामान अस्तव्यस्त हो गया।
धमाके की चपेट में मौके पर काम कर रहे मजदूर व ठेला वाला आ गया। इसमें एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। यहां पहुंचने के बाद गंभीर घायल आजमगढ़ जनपद निवासी 23 वर्षीय महेंद्र यादव पुत्र रामसमुझ ने दम तोड़ दिया।
जबकि गंभीर घायल पड़ोसी गांव जपई का पुरवा थाना कैंट निवासी 31 वर्षीय विनोद कुमार यादव पुत्र रामतीरथ व इनायतनगर थाना क्षेत्र के गांव पारसनाथ निवासी 42 वर्षीय श्यामू पुत्र चिन्ने को जिला अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मौके पर मृत शख्स की शिनाख्त ठेला चालक इनायतनगर थाना क्षेत्र के गांव कुचेरा निवासी 32 वर्षीय दुर्गा प्रसाद यादव के रूप में की गई है। इसके अलावा हादसे में मृत व घायल मजदूर थे। एसएसपी मोहित गुप्ता का कहना है कि धमाके की जांच कराई जा रही है।