चाकू के हमले से घायल सराफा कारोबारी।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को सरेशाम कार सवार एक सराफा कारोबारी से 15 हजार नकदी समेत साढ़े तीन किलो चांदी लूट ली गई। वारदात कारोबारी को चाकू से घायल कर और उसके चालक को गोली मार अंजाम दी गई।
जानकारी पर रौनाही पुलिस ने नाकेबंदी कर फरार बदमाशों की तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। घायल कारोबारी व चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ लूटपाट का केस दर्ज किया है।
नगर कोतवाली के मुकेरी टोला ठठरहिया निवासी सराफा कारोबारी हरीश कौशल रविवार को अपनी कार से कारोबार के सिलसिले में रुदौली बाजार गए थे। काम निपटाकर शाम को वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर शाम करीब साढ़े सात बजे रौनाही थाना क्षेत्र के सत्तीचौरा स्थित गोड़वा के पास पीछे से आई एक एसयूवी हरीश की कार को ओवरटेक कर सामने खड़ी हो गई।
एसयूवी में सवार दो युवक नीचे उतरे और हरीश से अपनी साइड की खिड़की का शीशा खोलने को कहा। हरीश ने इसमें आनाकानी की तो युवकों ने असलहे की बट से प्रहार कर शीशा तोड़ दिया। इसके बाद हरीश पर चाकू से हमला बोल दिया। इस बीच कार चालक ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की तो एक युवक ने असलहा से फायर झोंक दिया।
गोली कार चालक वीरेंद्र यादव के पैर में लगी। युवकों ने कारोबारी के कंधे के पास चाकू से कई वार किया और उसके पास रखे 15 हजार नकद व साढ़े तीन किलो चांदी के जेवर लूट लिया। इसके बाद सभी एसयूवी में सवार होकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस ने मौके से भागे युवकों की तलाश के लिए नाकेबंदी करवाई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
घायल कारोबारी व उसके चालक को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजवाया। एसएसपी मोहित गुप्ता ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटनाक्रम की जानकारी ली। एसओ केके गुप्ता ने बताया कि चार नामजद लोगों के खिलाफ लूटपाट का केस दर्ज किया गया है। फरार लोगों की तलाश कराई जा रही है।