फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दरोगा की पिटाई, बाद में पुलिस ने प्रधान का घर तोड़ा

Sun, 10 Jan 2016 11:03 PM IST
फैजाबाद/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
अवैध कटान की सूचना पर रविवार को इनायतनगर क्षेत्र के पाराताजपुर गांव पहुंचे चौकी इंचार्ज द्वारा मनरेगा मजदूर के साथ मारपीट पर करने पर प्रधान समर्थक भड़क गए। उन्होंने चौकी इंचार्ज के साथ मारपीट की और उसकी बाइक भी तोड़ दी। इस सूचना पर कुछ ही देर में गांव छावनी में तब्दील हो गया।
विज्ञापन


पुलिस-पीएसी ने महिला प्रधान के घर में जमकर तोड़फोड़ की। एक दीवार ढहा दी और परिवारीजनों के साथ मारपीट की। क्रेन मंगवाकर कर उसकी जीप भी उठवा ली है। इस बीच एसएसपी, एसपी ग्रामीण व अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। पुलिस ने महिला प्रधान समेत परिवार के 18 लोगों को गिरफ्तार कर 27 नामजद व 150 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पाराताजपुर गांव में तालाब के पास लगे एक पेड़ को रविवार सुबह मनरेगा मजदूर काट रहे थे। इसी बीच किसी ने हैरिंग्टनगंज चौकी पुलिस को पेड़ काटे जाने की सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी आरसी यादव व होमगार्ड अजय सिंह ने मजदूरों को पेड़ काटने से रोका।
विज्ञापन


इसी बीच ग्राम प्रधान शिव कुमारी का पुत्र शिवकुमार पहुंच गया। प्रधान पुत्र और मनरेगा मजदूरों से पुलिस की बहस होने लगी। चौकी प्रभारी ने एक मजदूर को थप्पड़ मार दिया। इस पर मजदूर आक्रोशित हो गए और चौकी प्रभारी व होमगार्ड पर हमला बोल दिया। हमले में चौकी इंचार्ज रामचेत यादव, सिपाही मनोज सिंह व शीतला प्रसाद व होमगार्ड अजय सिंह घायल हो गए। मजदूरों ने दरोगा की बाइक तोड़ डाली।

पुलिस टीम ने इसकी सूचना अफसरों को दी। कुछ ही देर में एसओ इनायत नगर व कई थानों के प्रभारी और भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और तांडव शुरू कर दिया। आरोप है कि साथियों की पिटाई से आक्रोशित पुलिसकर्मियों ने मजदूरों को खोजकर पीटा। कई लोग गांव से भाग निकले। पुलिस ने प्रधान के घर में रखा काफी सामान तोड़ डाला। नवनिर्मित मकान की दीवार तक ढहा दी। क्रेन मंगवाकर बोलेरो जीप थाने उठवा ले गई।

महिला प्रधान, उसकी बेटी, मनरेगा मजदूरों समेत 18 लोगों को पुलिस पकड़कर थाने ले गई। उनमें दो-तीन पुरुष व बाकी महिलाएं और बच्चे बताए जा रहे हैं। एसपी देहात कुलदीप नारायण के मुताबिक घटना के बाद प्रधान के घर पहुंची पुलिस ने बोलेरो जीप की तलाशी में जिलाधिकारी, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारियों की मोहर बरामद की है। घटनास्थल से साइकिल, बाइक, कुल्हाड़ी, फावड़ा आदि बरामद किया गया है।

पुलिस ने मौके से प्रधान समेत 19 को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों को नामजद करते हुए सौ-डेढ़ सौ अज्ञात के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, हमला, बाइक क्षतिग्रस्त करने तथा लोक शांति को खतरा पहुंचाने आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। फरार आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। प्रधान पुत्र का आपराधिक इतिहास सामने आया है। पूरे मामले की गहराई से जांच कराने के साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एमडीएम के लिए काटा जा रहा था सूखा पूड़
ग्रामीणों का कहना है कि मिड डे मील के लिए सूखे पेड़ की कटान कराई जा रही थी। इसकी जानकारी पुलिस को पहले से दे दी गई थी। लेकिन मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने मनरेगा मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें