फैजाबाद। पड़ोसी जिला बाराबंकी के थाना रामसनेहीघाट स्थित इंदरपुर पहरुपुर निवासी संजीव कुमार दुबे ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और रकम वापस मांगने पर धमकाने की शिकायत की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में संजीव कुमार का कहना है कि फैजाबाद के पूराकलंदर थाना क्षेत्र स्थित सनेथू गांव निवासी कुलदीप पाण्डेय ने उनको नौकरी दिलाने का झांसा देकर हजारों रुपये ले लिये।
नौकरी न मिलने पर रकम वापस मांगी तो कुलदीप ने पांच-छह लोगों के साथ असलहा से धमकाया और रकम मांगने पर जान से मार डालने की धमकी दी। शुक्रवार को कोतवाल एके राय ने बताया कि तहरीर पर गबन, गालीगलौज व धमकी की रिपोर्ट लिखी गई है। मामले की विवेचना कराई जा रही है।