जिपं क्षेत्र सोहावल द्वितीय की कुर्सी हथियाने के लिए हाथ आजमा रहे सत्ताधारी दल के दो धड़ों में सोमवार रात भिड़ंत हुई। असलहे का प्रदर्शन हुआ और जमकर नोकझोंक हुई।
मामले के तूल पकड़ने पर आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया और एक प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय में तोड़फोड़ हुई।
आरोप है कि मंत्री पुत्रों ने डीडीसी प्रत्याशी के जेठ को पिस्टल सटाकर धमकाया। आरोपियों पर केस दर्ज हो गया है।
सोहावल सीट से सूबे के समाज कल्याण मंत्री अवधेश प्रसाद की पत्नी सोना देवी मैदान में हैं तो पार्टी के ही सरोज जायसवाल के भाई की पत्नी रश्मि भी हाथ आजमा रही हैं।
सोमवार रात दोनों ओर से वोट अपनेे पाले में करने के लिए मशक्कत की जा रही थी। मंगलवार को मतदान के मद्देनजर रात में दोनों प्रत्याशियों के समर्थक जनसंपर्क में जुटे थे।
मध्य रात्रि अरथर गांव के मजरे बरौली पहुंचे मंत्री पुत्रों अजीत कुमार व अमित कुमार और उनके समर्थकों से गांव निवासी एक शख्स से विवाद हो गया।
आरोप रहा कि मंत्री पुत्र रुपया व शराब बंटवा रहे थे। विरोध पर मंत्री पुत्र ने पिस्टल निकाल ली आैर रश्मि की पक्षदारी करने वाले पर तान दी। नोकझोंक व गालीगलौज शुरू हो गई।
जानकारी पर इसी गांव में जनसंपर्क कर रहे रश्मि के जेठ सरोज भी समर्थकों समेत पहुंच गये। मंत्री पुत्रों और सरोज के बीच असलहे का प्रदर्शन व नोकझोंक हुई। इसके बाद सरोज थाने पहुंचे और तहरीर दी।
इसी बीच सोहावल चौराहे से गुजर रहे जायसवाल समर्थक देवेश तिवारी व आशू जायसवाल की पिटाई कर दी गई। इधर पुलिसिया कार्रवाई में विलंब होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सोहावल चौराहे पर सोना देवी के चुनाव कार्यालय पर पथराव व तोड़फोड़ हुई। सरोज की तहरीर में मतदाताओं को प्रभावित करने से रोकने पर मंत्री पुत्रों अजीत व अमित समेत उनके समर्थकों की ओर से गालीगलौज व धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
प्रकरण में मंत्री परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। अलबत्ता सोहावल चौराहा निवासी स्व. कादिर की पत्नी ने घर पर पथराव व तोड़फोड़ का आरोप लगा पुलिस से शिकायत की है।
सीओ सदर अरुणचंद ने बताया कि जायसवाल पक्ष की शिकायत पर मंत्री पुत्रों पर धारा 504, 506 में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।