पूराकलंदर थाना क्षेत्र के गांव मईनुद्दीनपुर निवासी अधेड़ किसान ने रविवार देर शाम लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली से उड़ा लिया। किसान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
वहीं, परिवारीजनों ने बताया कि मृतक किसान सहकारी समिति व बैंक का कर्जदार था। उसी से परेशान रहते थे। गांव मईनुद्दीनपुर निवासी प्रमोद सिंह (48) पुत्र राम किशोर सिंह काफी दिनों से परेशान था। प्रमोद के परिवार को भरण पोषण खेती किसानी से होता था।
रविवार देर शाम तकरीबन पौने सात बजे प्रमोद ने घर में ही लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली से उड़ा लिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव के साथ ही लाइसेंसी बंदूक को भी कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मृतक की पत्नी प्रमिशा सिंह ने बताया कि प्रमोद सहकारी समिति व बैंक के कर्जे से परेशान थे। कितना का कर्जा था, उन्हें नहीं पता, वसूली वाले आते थे। जिसे लेकर वे परेशान रहते थे। मृत किसान के दो बच्चे है। बड़ा लड़का प्रवीण सिंह (22) मसौधा चीनी मिल में प्राइवेट जॉब करता है।
छोटा लड़का नवीन सिंह (18) इंटर पास कर चुका है और पिता के साथ खेती किसानी में हाथ बंटाता था। बड़ी पुत्री विद्या सिंह का विवाह हो चुका है। प्रमिशा सिंह आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री है। मृत किसान पांच छह बीघा का कास्तकार था। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।