गोसाईगंज थानाक्षेत्र के भीटी तिराहे के पास स्थित एक जन सेवा केंद्र पर रविवार सुबह युवकों ने हंगामा कर तोड़ फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंडा पटककर युवकों को खदेड़ दिया। मौके से पुलिस चार युवकाें को पकड़ कर थाने ले आए। जिन्हें माफी मांगने व सुलह समझौता कराने के बाद छोड़ दिया गया है।
थाना क्षेत्र के भीटी तिराहे पर स्थित जन सेवा केंद्र पर रविवार की सुबह तकरीबन 10 बजे सेना भर्ती में आवेदन करने वाले युवक अपना एडमिट कार्ड लेने के लिए आए थे। जिसमें एक युवक का एडमिट कार्ड निरस्त हो गया था।
बस इसी बात पर दर्जनों की संख्या में मौजूद युवकों ने क्रेंद्र संचालक गणपति त्रिपाठी को घेर लिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। केंद्र संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों को डंडा पटक कर खदेेड़ दिया। मौके से पुलिस चार युवकों को पकड़ कर थाने ले आई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि रविंद्र वर्मा निवासी अलबैती सरैया थाना अहिरौली जिला अंबेडकरनगर का एडमिट कार्ड निरस्त हो गया था। जिसको लेेकर युवकों ने हंगामा किया। दोनों पक्षों में सुलह-समझौता करा कर युवकों को छोड़ दिया गया है जिससे युवकों का भविष्य न खराब हो।