मवई थाना क्षेत्र के रसूलपुर नेवादा गांव में शुक्रवार शाम खेत में चारा लेेने गई एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने लाश को घसीटकर गन्ने के खेत में फेंक दिया। इत्तिफाक से यह नजारा महिला (बेटी) को खोजने निकली उसकी बूढ़ी मां ने देख लिया तो कोहराम मच गया।
पुलिस ने मामले में दो नामजद लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई है। रसूलपुर नेवादा गांव में पति की मौत के बाद मायके में ही रह रही राजेश्वरी (35) पत्नी स्व. जितेंद्र कुमार शुक्रवार की शाम करीब छह बजे अपने खेत में मवेशियों के लिए चारा काटने गई थी।
काफी समय बीत जाने के बाद जब वह घर नहीं लौटी तो परिवारीजन उसको तलाशने के लिए निकले और खेत पहुंच गए। वहां का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। परिवारीजनों के मुताबिक, रसूलपुर नेवादा गांव के सोनू पुत्र कांशीराम व अकबर अली पुत्र साने इलाही खून से लथपथ राजेश्वरी को गन्ने के खेत की ओर घसीटते ले जा रहे थे।
यह दृश्य देख राजेश्वरी की बूढ़ी मां चीख उठी तो हत्यारे मौका पाकर भाग निकले। मां सूर्यकला के मुताबिक, किसी धारदार हथियार से वार कर बेटी की हत्या कर दी गई थी। मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। यह खबर कुछ ही पलों में आग की तरह फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची मवई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।