शुक्रवार शाम सिटी मजिस्ट्रेट ने सीओ सिटी यमुना प्रसाद तथा पुलिस फोर्स के साथ नगर कोतवाली के अयोध्या रोड दयानंद मार्ग स्थित अस्त्र-शस्त्र उद्योग नामक पटाखा दुकान पर छापा मारा। मौके पर मौजूद दुकानदार तथा कर्मियों से सिटी मजिस्ट्रेट ने लाइसेंस तथा कागजात दिखाने को कहा। हालांकि दुकानदार उदयन अग्रवाल कोई वैध लाइसेंस न दिखा सका।
इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकान को सील करवा दिया। बताया गया कि दुकान का लाइसेंस उदयन के पिता राजाराम अग्रवाल के नाम जारी हुआ था, लेकिन राजाराम की मौत हो चुकी है।
अभी दुकान संचालन के लिए कोई नया लाइसेंस निर्गत नहीं किया गया है और न ही कोई आवेदन हुआ है। सिटी मजिस्ट्रेट वीरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि लाइसेंस न होने के चलते दयानंद मार्ग स्थित अस्त्र-शस्त्र उद्योग नामक दुकान सील कराई गई है।