नित्यकर्म के लिए शनिवार देर शाम घर से निकली महराजगंज थानाक्षेत्र के रमन पट्टी गांव निवासी स्कूल में रसोईया का काम करने वाली एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। रविवार की भोर महिला का शव मया-टांडा मार्ग पर खून से लथपथ मिला तो हलचल मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के जेठ की तहरीर पर पुलिस ने दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि मायके पक्ष ने मौके पर पहुंच हत्या और दुष्कर्म तक की आशंका जताई है। इसकी वजह बताई गई कि नित्यकर्म के लिए उतनी दूर सड़क के पास महिलाएं कभी नहीं जातीं, ऐसे में जब सड़क पार करने की जरूरत नहीं थी तो हादसा कैसे हुआ? पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या, दुष्कर्म या एक्सीडेंट की बात स्पष्ट हो सकती है। महिला के मोबाइल फोन पर 60 मिस कॉलें मिली हैं, पुलिस मोबाइल कब्जे में लेकर कॉलों की जांच-पड़ताल में जुटी है।
विद्यालय में रसोइया का काम करने वाली रमन पट्टी गांव निवासी 32 वर्षीय महिला गायत्री शर्मा उर्फ ज्ञानती पत्नी स्व. महेंद्र कुमार शर्मा शनिवार रात्रि तकरीबन नौ बजे नित्यक्रिया के लिए घर से निकली थी। वह रात को नहीं लौटी, जेठ समेत घर वालों ने आस-पास तलाशा, लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा। लोगों ने सोचा कहीं गई होगी, सुबह तक आ जाएगी। मगर महिला का शव रविवार को खून से लथपथ मया-टांडा रोड पर जोतियागंाव के पास मिला तो हलचल मच गई। नित्यक्रिया के लिए निकले ग्रामीणों ने शव देखने के बाद सूचना परिवारीजनों व पुलिस को दी। महिला के घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अंबेडकरनगर जिले के सेनपुर गंाव निवासी मायके पक्ष के लोगों ने दुर्घटना की आशंका को सिरे से खारिज कर दिया, साथ ही महिला के साथ अनहोनी की बात कही। लेकिन पुलिस ने जांच की बात कह कर लोगों को शांत करा दिया। महिला के सिर व चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि नित्यक्रिया के लिए रमन पट्टी गांव की महिलाएं गांव से महज दो सौ मीटर दूर स्थित नहर के किनारे जाती हैं न कि दुर्घटना स्थल मया-टांडा रोड के पास। यह स्थान गांव से लगभग पांच सौ मीटर दूर है। महिला के मोबाइल पर लगभग 60 मिस्ड कॉल होना भी बताया जाता है।