नगर कोतवाली के बेगमगंज मकबरा स्थित दुकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटक रहे मो. इरफान पुत्र स्व. अब्दुल अजीज निवासी नाका मुजफ्फरा मुरावान टोला को अदालत से राहत मिली है। अदालत के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने पांच के खिलाफ चोरी तथा मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित मो. इरफान का कहना है कि उन्होंने बेगमगंज मकबरा पर डीजे व रोड लाइट की दुकान खोल रखी है। गत माह दुकान का ताला तोड़कर सजावट का सामान और जेनरेटर चोरी हो गया था। पड़ताल में पता चला कि दुकान में चोरी मोहल्ले के शेरू उर्फ गुलजार ने की ही। इस बात की जानकारी होने पर वह शिकायत करने शेरु के घर गये तो उनके परिजनों ने दुवर्यवहार किया और मारा-पीटा।
रिपोर्ट दर्ज करने के लिए शिकायत पुलिस को दी और उच्चाधिकारियों से फरियाद की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। अदालत ने नगर कोतवाली पुलिस को सम्यक धारा में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कराने का आदेश दिया है।