इनायतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार युवकों ने एक कपड़ा व्यवसायी के लड़के की आंख में मिर्ची पाउडर झोंक 40 हजार रुपये छीन लिये। यह रकम कुमारगंज स्थित एक बैंक में जमा कराने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मिल्कीपुर बाजार के व्यवसायी अनिल कुमार कौशल का लड़का अतुल अपने मुनीम देशराज के साथ दुकान की बिक्री की रकम जमा कराने बाइक से पंजाब नेशनल बैंक कुमारगंज जा रहा था।
इसी बीच अपराह्न लगभग पौने तीन बजे इनायतनगर थाना क्षेत्र के ही ग्राम डीली गिरधर के प्रकाशपुरवा के पास बाइक सवार तीन युवकों ने व्यवसायी की बाइक में ठोकर मारी, जिसके चलते बाइक चला रहा मुनीम अपना नियंत्रण खो बैठा और बाइक समेत वह लोग नीचे गिर पड़े।
इसी बीच बदमाशों में से एक ने असलहा निकाल लिया। व्यवसायी के लड़के अतुल का कहना है कि वह डरकर भागा और रकम बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर आंख में मिर्च झोंक दी और रकम लेकर भाग निकले। सफेद रंग की बाइक पर सवार बदमाश 40 हजार रुपये ले गये हैं।
सूचना पर एसपी ग्रामीण, सीओ मिल्कीपुर व इनायतनगर थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंच गये और मौका-मुआयना किया। थानाध्यक्ष शमशेर सिंह का कहना है कि शिकायत पर बाइक सवार तीन युवकों के खिलाफ छिनैती की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन कराई जा रही है।