बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा में बुधवार की सुबह गेहूं के खेत में डिब्बे में रखा बम मिलने से हलचल मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को दूर हटाते हुए बम निरोधक दस्ते के जरिए बमों को डिफ्यूज किया। पुलिस ने जांच के लिए बारूद का नमूना एकत्र किया है।
सूबेदार का पुरवा में बुधवार सुबह सात बजे रामपुरपरेई निवासी महावीर पांडेय के खेत में कुछ मजदूर गेहूं की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान गेहूं काट रही लक्ष्मी देवी को तीन डिब्बे लावारिस पड़े मिले। शक होने पर सूचना पुलिस व आसपास के लोगों को दी।
मौके पर पहुंच पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को बुलवाया। दस्ते ने डिब्बे को खोलकर देखा तो उसमें सुतली व धागे से बंधा हुआ बम था। जिसमें बारूद के साथ कांच व गिट्टी मिली हुई थी। बाद में उसे निष्क्रिय कर दिया गया। एसआई बाबूराम राजवंशी ने बताया कि बारूद का नमूना जांच के लिए एकत्र किया गया है।