आक्रोशित भीड़ ने छात्र के शव को सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने घंटो की मान-मनौव्वल के बाद किसी तरह भीड़ को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे के वक्त सगे जुड़वा भाई अपने घर से नाका क्षेत्र स्थित एक कोचिंग में पढ़ने जा रहे थे।
पूराकलंदर थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर हरवंश निवासी जुड़वा भाई विवेक यादव (16) व यश यादव पुत्रगण शिव बहादुर यादव शहर के मनोहरलाल इंटर क ॉलेज में इंटरमीडिएट फाइनल के छात्र हैं। बुधवार को सुबह जुड़वा भाई एक ही बाइक से घर से नगर कोतवाली के नाका क्षेत्र स्थित कोचिंग के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इलाहाबाद हाईवे के रास्ते सुबह लगभग पौने आठ बजे बाइक सवार सगे भाई जैसे ही नाका स्थित फोरलेन बाईपास ओवरब्रिज के पास पहुंचे, इसी दौरान नाका नवीनमंडी की ओर से आ रही एक ट्रक ने बाइक को साइड मार दी।
मौके की नजाकत देखते हुए पीछे बैठे विवेक यादव ने जान बचाने के लिए छलांग लगाई और गलती से सड़क से गुजर रही ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। ओवरब्रिज के किनारे-किनारे नवीन मंडी की ओर से आ रही ट्रक छात्र विवेक यादव के सिर को कुचलते हुए अयोध्या की ओर भाग निकली। सुरक्षित बचे बाइक चला रहे बड़े भाई यश यादव ने प्रकरण की जानकारी परिवारीजनों को दी।
जानकारी पर उसके पिता डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मी शिव बहादुर समेत विश्वविद्यालय कर्मी व अन्य और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची परिवार की महिलाओं ने विलाप शुरू कर दिया।
मृतक छात्र का पिता जवान बेटे का शव देख दहाड़ें मार रहा था। हादसे को लेकर काफी तादाद में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए और आये दिन होने वाले हादसों को लेकर मृत छात्र के शव को सड़क पर रखक र इलाहाबाद की ओर जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। नगर कोतवाल एचएन मिश्र ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई कराई जाएगी। दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश कराई जा रही है।
कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया
नाका बाइपास पर रोडजाम व प्रर्दशन की खबर पर इलाकाई पुलिस के साथ एडीएम सिटी आरएन शर्मा, एसपी सिटी आरएस गौतम, सीओ सिटी यमुना प्रसाद, सीओ अयोध्या दिनेश द्विवेदी आदि मौके पर पहुंच गए और पीड़ित परिवार से हादसे की जानकारी ली तथा मान-मनौव्वल शुरू की। आक्रोशित भीड़ दुर्घटना कर भागे ट्रक को पकड़वाने तथा दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने समझा-बुझाकर भीड़ को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
साथ ही समस्याओं के निराकरण के लिए तत्काल हवाई पट्टी पुलिस चौकी पर बैठक करने और संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात कही। इसके बाद भीड़ मौके से हटी और यातायात बहाल हुआ तथा छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।