नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज में बीते बुधवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि विवि कानपुर के सहायक प्रोफेसर राजकिशोर कमल की हुई मौत से पर्दा नहीं उठ सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
राजकिशोर के शव का बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है। जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जाएगा। वही मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एनडी विवि के डॉ. बीएन सिंह की देखरेख में राजकिशोर एग्रोनामी विषय में शोध कार्य पूर्ण कर चुके थे। छह जुलाई को सुबह आठ बजे विवि के गंगा छात्रावास के पास राजकिशोर का शव मिला था। तभी से हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही थी।
पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। तीन डॉक्टरों के पैनल ने पीएम किया। एसओ सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि पीएम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसकी वजह जानने के लिए डॉक्टरों ने बिसरा परीक्षण कराने का निर्णय लिया।
राजपत्रित अधिकारी की अनुमति के बाद बिसरा जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। इस बाबत एसओ ने बताया कि मृतक के भाई कमल किशोर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना से संबंधित सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।