जाखल निवासी एक व्यक्ति ने एसएमओ टोहाना को शिकायत देकर गंाव के एक चिकित्सक पर कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत देने आए विक्की ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसकी पत्नी सुनैना के पेट में अचानक दर्द हुआ, तो परिजन उसे डॉ. पूजा सिंगला के चुनमुन अस्पताल में ले गए। तब चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड के बाद उसे उसके पेट में बच्चा होने की बात कही तथा इलाज शुरू कर दिया। इस दौरान डॉक्टर पूजा सिंगला ने रिपोर्ट देखकर कहा कि पेट में तीन माह का बच्चा है, जो पूरी तरह से तंदरुस्त है।
इसके बाद महिला का इलाज शुरू कर दिया गया। इस दौरान महिला का पेट दर्द तो ठीक हो गया, लेकिन इलाज लगातार जारी रहा। आरोप है कि कुछ दिन इलाज चलने के बाद उक्त चिकित्सक कहने लगी कि महिला के पेट में जो बच्चा है, वो खराब हो चुका है। इसके चलते उसके पेट में दर्द हो रहा है। उसने तुरंत इलाज करने की सलाह दी, ताकि पेट में जहर न फैल जाए और इलाज जारी रखा।
विक्की ने दी शिकायत में बताया कि वह लगातार इलाज करवाती रही। तब चिकित्सक ने फिर से अल्ट्रासाउंड करवाकर उसे पेट सफाई करने की बात कही। उसने बताया कि चिकित्सक लगातार उसे प्रताड़ित करती रही। इस दौरान उससे लगभग 15 हजार रुपये इलाज में खर्च के रूप में ऐंठ लिए। इसके बावजूद भी उसका पेट दर्द ठीक नहीं हुआ, तो परिजन उसे अल्ट्रासाउंड कराने के लिए टोहाना में डॉ. सेठी के पास ले गए। वहां पर उसे बताया गया कि उसके पेट में कोई बच्चा नहीं है, केवल पेट के निचले हिस्से में सूजन के कारण यह तकलीफ है।
उसके बाद परिजन उसे चेकअप के लिए अग्रोहा के सरकारी मेडिकल कालेज में ले गए, जहां अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में भी यही आया कि उसके पेट में बच्चा नहीं है। शिकायतकर्ता ने इस पत्र को स्वास्थ्य मंत्री हरियाणा और सीएमओ फतेहाबाद को भी पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई की मांग कि है ताकि कोई भी गरीब व्यक्ति इस तरह से लूट का शिकार न हो।
शिकायत आई है, चिकित्सक को बुलाकर करेंगे जांच : एसएमओ
जांच कर रहे एसएमओ डॉ. सतीश गर्ग और डॉ. हरिंद्र सागु ने बताया कि उनके पास ऐसी शिकायत आई है, जिसके आधार पर चिकित्सक को बुलाकर जांच की जा रही है। अगर कोई लापरवाही के संकेत सामने आते है, तो उच्च अधिकारियों को लिखकर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।