जांच टीम ने की भवनों के पुनर्निर्माण की सिफारिश
फैजाबाद। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अफसरों ने शहर के सात विद्यालयों के निरीक्षण में पांच को जर्जर अवस्था में पाया। इनसे खतरे की आशंका जताई गई है। इनका पुनर्निर्माण कराया जाने की जरूरत है। इसकी रिपोर्ट अब डीएम को भेजी जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट छोटे लाल मिश्र, बीएसए अमिता सिंह और नगर शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने सोमवार को सात विद्यालयों का निरीक्षण किया तो इसमें पांच जर्जर हालत में मिले। दो विद्यालय भवन विहीन पाए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट श्री मिश्र के मुताबिक प्रावि विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय रीडगंज, प्रावि स्वर्गद्वार, प्रावि बेगमपुरा, प्रावि हैदरगंज द्वितीय की इमारतें जर्जर अवस्था में पाई गई। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों के भवन का पुनर्निर्माण आवश्यक है।
बछड़ा एवं सुल्तानपुर दो विद्यालय भवन विहीन पाए गए। टीम ने अपनी रिपोर्ट इन विद्यालयों के पुनर्निर्माण के साथ ही निष्प्रयोज्य हो चुके अन्य भवनों के ध्वस्तीकरण को आवश्यक बताया है। जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
जर्जर व भवनविहीन विद्यालयों को शिफ्ट करने की सिफारिश
विद्यालय भवनों की जांच करने वाली टीम ने जर्जर व भवनविहीन विद्यालयों को दूसरे विद्यालयों में शिफ्ट करने की सिफारिश भी की है। जांच में तो बछड़ा और सुल्तानपुर के ही भवन विहीन पाए गए थे।
इसके अलावा भी अयोध्या के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनखर, प्राथमिक विद्यालय मोदहा सहित अन्य विद्यालय इसमें शामिल हैं। ऐसे स्थानों पर बच्चों को बैठना खतरे से खाली नहीं है। टीम ने इन विद्यालयों को अविलंब अन्य विद्यालयों में स्थानांतरित करने की रिपोर्ट दी है।
नए सिरे से बनेगी तीन सदस्यीय जांच कमेटी
लालबाग में शौचालय की दीवार ढहने के मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसमें खंड शिक्षाधिकारी मुख्यालय, जिला समन्वयक निर्माण, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी शामिल हैं। नगर शिक्षाधिकारी संजय कुमार ने भी इसकी पुष्टि की है।
हालांकि इस टीम को लेकर प्रथम दृष्टया सवाल उठने लगे है। भवनों के निर्माण से रखरखाव तक की जिम्मेदारी निभाने वाले जिला समन्वयक निर्माण को टीम में शामिल करना उचित नहीं माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि नए सिरे से जांच कमेटी के लिए डीएम को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।
प्रभारी प्रधानाध्यापिका को किया निलंबित
प्राथमिक विद्यालय लालबाग के शौचालय की दीवार से ढहने के मामले को लेकर यहां कि प्रधानाध्यापिका को रविवार को ही निलंबित कर दिया गया था। सोमवार को सांसद और अफसरों के यहां पहुंचने पर लालबाग के भवन में ही संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय महाजनी टोला की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनीता श्रीवास्तव को बीएसए को निलंबित कर दिया है।
उन पर आरोप है कि जर्जर रसोईघर की सूचना उन्होंने नहीं दी। विद्यालय विकास अनुदान में अनियमितता सहित कई अन्य आरोप हैं। एबीएसए ने इसकी पुष्टि की है।
सांसद ने मांगा विद्यालयों को लेकर प्रस्ताव
सांसद लल्लू सिंह ने सोमवार की सुबह सिटी मजिस्ट्रेट और नगर शिक्षा अधिकारी के साथ लालबाग स्थित विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां रविवार को शौचालय की दीवार ढहने से एक किशोर की मौत हो गई थी और पांच अन्य घायल हो गए थे।
उन्होंने शोक संत्रप्त परिवार को ढांढस बंधाया, यथासंभव सहायता का आश्वासन देने के साथ विद्यालय का निर्माण सांसद निधि से कराए जाने की घोषणा की। इसके लिए जेई आरईएस से लागत की गणना करके प्रस्ताव उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने फर्नीचर उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है।