चिकित्सक-फार्मासिस्ट विवाद में बयान दर्ज
रुदौली (फैजाबाद)। सीएचसी में दो माह पहले महिला डॉक्टर व चीफ फार्मासिस्ट में हुए विवाद की जांच के लिए पहुंचे निदेशक परिवार कल्याण ने अस्पताल का निरीक्षण किया। इस बीच अस्पताल परिसर में फैली गंदगी को लेकर नाराजगी जताई।
निदेशक परिवार कल्याण सुरेश चंद्रा शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे सीएचसी पहुंचे और 30 मई को सीएचसी रुदौली की महिला सर्जन डॉ. सुषमा त्रिवेदी व चीफ फार्मेसिस्ट चंद्र बहादुर के बीच हुए विवाद की जांच शुरू की।
निदेशक ने विवाद से संबंधित डॉ. सुषमा त्रिवेदी, तत्कालीन प्रभारी अधीक्षक डॉ. मदन बरनवाल, डॉ. पीके गुप्ता, डॉ. हरिराम चन्द्र बहादुर यादव व अन्य चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, वार्डब्वाय आदि से जानकारी ली तथा बयान दर्ज कराया।
इसके बाद निदेशक ने परिवार नियोजन कक्ष व प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया। प्रसव कक्ष में मिली खामियों को तत्काल दूर कराने के लिए अधीक्षक डॉ. अजय मोहन को कहा। प्रसव उपरान्त वार्ड में मिल रही सुविधाओं के बारे में महिलाओं से जानकारी ली।
निदेशक को सीएचसी के सभी चिकित्सक, फार्मासिस्ट आदि ने डॉ. सुषमा त्रिवेदी के अस्पताल में आए दिन विवाद करने की वजह से उनके स्थानांतरण के लिए मांग पत्र सौंपा। वहीं सुषमा त्रिवेदी ने उक्त आरोप को निराधार बताया।