फैजाबाद। अयोध्या के समाहा कला में पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही से एक किसान की मौत हो गई। किसान गुरुवार सुबह खेत जाने के लिए निकला था।
रास्ते में एक खेत में कई दिनों से बिजली का तार टूटा पड़ा था। अचानक किसान तार के चपेट में आ गया। करंट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीण उच्च अधिकारियों को मौके पर आने की जिद पर अड़ गए।
स्थित अनियंत्रित होती देख एसडीएम सदर व पावर कॉर्पोरेशन के एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिवारीजनों को दो लाख का चेक अंतरिम सहायता के रूप में दिया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के समाहा कला गांव निवासी मोतीलाल मौर्य (62) गुरुवार सुबह खेत देखने के लिए घर से निकले थे। वे थोड़ी दूर गए थे कि पोल से टूटकर गिरा बिजली का तार पैर में फंस गया।
इससे वह करंट की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण जब उधर से निकले तो उन्हें जमीन पर मृत देखा।
थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उठाकर ग्रामीणों को शांत कराना चाहा, लेकिन ग्रामीण हादसे को पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही बताते हुए उच्चाधिकारियों के पहुंचने तक शव नहीं उठाने की जिद पर अड़ गए।
स्थिति अनियंत्रित होता देख उप जिलाधिकारी सदर रवि प्रकाश श्रीवास्तव, कॉर्पोरेशन के एसडीओ पंकज तिवारी, कोतवाल अयोध्या अरविंद पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे।
उन्होंने परिवारीजनों को दो लाख रुपए सहायता का चेक दिया। एसडीएम ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई।
कोतवाल अयोध्या अरविंद पांडेय ने बताया कि ग्रामीणों को समझाकर और सहायता राशि दिलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पावर कॉर्पोरेशन के एसडीओ पंकज तिवारी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
ग्राम प्रधान किशन प्रजापति, अजय मौर्य आदि ने बताया कि तार लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। कई बार टूट कर गिर चुका है।
इसी तार का शिकार होकर अब तक तीन छुट्टा मवेशियों की भी मौत हो चुकी है। तार को ठीक कराने के लिए अब तक कई बार तहसील दिवस से लेकर पावर कॉर्पोरेशन के उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।