स्कूली बस से गिरा मासूम, पहिया चढ़ने से हुई मौत
फैजाबाद। एनडी डीएवी कुमारगंज फैजाबाद विद्यालय के एक ड्राइवर की लापरवाही से विद्यालय से घर छोड़ते समय बस से कक्षा एक का छात्र नीचे गिर गया। इस दौरान बस उसके ऊपर से गुजर गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चालक एक हाथ से दिव्यांग बताया जा रहा है। बस में मौजूद बच्चों के अनुसार ड्राइवर ने बस से उतरकर छात्र को हिलाकर देखा, उसके बाद बस को छोड़कर फरार गया। मृतक के बाबा ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एनडी डीएवी कुमारगंज का कक्षा एक का छात्र देवांश शर्मा (7) पुत्र दुर्गा प्रसाद शर्मा निवासी पलिया लोहानी स्कूल की बस से सोमवार शाम करीब 4 बजे घर जा रहा था।
ग्रामसभा के पूरे कोकलत तिवारी के पास बस से उतरते समय ड्राइवर द्वारा अचानक बस चला देने से वो गिर गया और बस उसके ऊपर से गुजर गई। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
बस में मौजूद बच्चों के अनुसार ड्राइवर ने बस से उतरकर छात्र को हिलाकर देखा जब उसे लगा कि बच्चे की मौके पर मौत हो गई है तो ड्राइवर बच्चों से भरी बस को छोड़कर भाग गया।
बच्चों के अनुसार ड्राइवर एक हाथ से दिव्यांग है फिर भी उसे विद्यालय की बस चलाने के लिए चालक के पद पर रख लिया गया। इनायतनगर थाने के कार्यवाहक प्रभारी अच्छेलाल सरोज ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बस को चालक विनोद पांडेय निवासी हरिहर पुर थाना इनायतनगर चला रहा था। मामले में मृतक के बाबा जग प्रसाद की तहरीर पर कॉलेज के प्रबंधक, प्रधानाचार्य व चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
एनडीडीएवी विद्यालय के शिक्षक एवं वाहन प्रभारी आरपी पांडेय का कहना है कि स्कूली बस के ड्राइवर विनोद पांडेय के एक हाथ की दो अंगुली नहीं है। ड्राइवर का हैवी लाइसेंस है।
इसके पहले उसके द्वारा असावधानी पूर्वक वाहन चलाने जैसी कभी कोई शिकायत नहीं रही। आज का यह हादसा दुखद है कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ इसकी जांच विद्यालय स्तर से भी की जाएगी।