तारुन के गौहानी खुर्द प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को परोसी गई जहरीली दाल
डीएम ने तीन रसोइयों को किया बर्खास्त, हेडमास्टर सस्पेंड
हैदरगंज (फैजाबाद)। तारुन ब्लॉक के हैदरगंज इलाके के गौहानी खुर्द के प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को मिड-डे मील खाने से 33 बच्चे बीमार हो गए। आननफानन में बेहोश बच्चों को सीएचसी कूरेभार भेजा गया। शेष छात्राओं का इलाज विद्यालय पहुंचे सीएचसी प्रभारी डॉ. वेदप्रकाश तिवारी व उनकी टीम द्वारा किया गया।
जांच के दौरान चिकित्सकों को मिड-डे मील में बनी दाल में मरी छिपकली मिली, जिसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। वहीं, डीएम ने बताया कि सभी बच्चों का उपचार कराया गया है और सभी स्वस्थ है। विद्यालय के तीन रसोइयों को बर्खास्त कर दिया गया है साथ ही प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।
गौहानी खुर्द विद्यालय में कुल 175 छात्र पंजीकृत हैं। शनिवार को स्कूल में कुल 103 बच्चे उपस्थित थे। दोपहर में विद्यालय में कार्यरत रसोइया श्यामा देवी, सुरसती व विजय बहादुर ने खाने में दाल-चावल बनाया था, जिसे करीब साढे़ 10 बजे बच्चों को खाने के लिए दिया गया।
इस दौरान प्रधानाध्यापक प्रमोद पाठक व अन्य सहायक शिक्षक मौजूद थे। खाना खाने के बाद बच्चों की हालत बिगड़ने लगी। इस दौरान बच्चों को उल्टियां होने लगीं व कुछ छात्राएं बेहोश हो गईं। आबादी के बीच विद्यालय होने के कारण वहां लोगों का जमावड़ा हो गया।
आननफानन में एंबुलेंस बुलाकर बेहोशी की हालत में छात्र-छात्रा अनामिका, लवकुश, संदीप, मंदीप, सबीना, अंशिका, आंचल, अखिलेश, ज्ञानदीप, शीबू, विमल कुमार, शिखा, कोमल, कमला प्रसाद, शंकर व काजल समेत 28 को सीएचसी कूरेभार जिला सुल्तानपुर पहुंचाया गया। वहीं, चार बच्चों को इलाज के लिए तारुन भेजा गया जबकि शेष बच्चों का इलाज विद्यालय पहुंची टीम ने किया।
अफसरों में मचा हड़कंप
अस्पताल पहुंची चिकित्सकों की टीम को जांच के दौरान खाने में बनी दाल में मरी छिपकली मिली। उन्होंने इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी। मौके पर डीसी एसडीएम विनय त्रिपाठी, एसडीएम बीकापुर प्रमोद तिवारी, एबीएसए कमला प्रजापति, सीओ बीकापुर अजय कुमार समेत एसओ तारुन शैलेंद्र गिरि पहुंचे और बच्चों का हाल जाना।
वहीं, शाम को डीएम संतोष कुमार राय ने बताया कि कुल 33 बच्चे बीमार हुए थे, जिनका समय पर समुचित इलाज कराया गया, अब सभी बच्चे स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि दाल में छिपकली पाए जाने पर खाना बनाने वाले तीनों रसोइयों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि लापरवाही बरतने के आरोप में विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद पाठक को निलंबित कर दिया गया है।