प्रश्नपत्र वितरण में लापरवाही, तीन निलंबित
अयोध्या। डीआईओएस ने बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों के वितरण में लापरवाही बरतने पर तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निलंबित करके एक शिक्षक का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है।
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 7 फरवरी से होनी हैं। जिले के 134 परीक्षा केंद्रों पर इस बार 91 हजार 125 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा कराने को लेकर विभागीय तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज के कोठार में पूर्व में ही उत्तर पुस्तिकाएं व प्रश्नपत्र प्राप्त हो चुके हैं। अब, प्रश्नपत्रों के वितरण का कार्य कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10 वाहनों द्वारा शुरू हुआ है।
प्रत्येक वाहन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सहित जिले के तमाम शिक्षकों की तैनाती की गई है। राजकीय इंटर कॉलेज से प्रश्नपत्रों का वितरण रविवार को भी कई स्कूलों में होना था।
प्रश्नपत्रों के वितरण कार्य का डीआईओएस राज बहादुर सिंह चौहान ने राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर निरीक्षण किया तो प्रश्नपत्रों को ले जाने के लिए वाहन तैयार थे।
जबकि इनके वितरण के लिए ड्यूटी पर तैनात एमएलएमएल विद्या मंदिर के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संजय शुक्ला, ओमप्रकाश तिवारी, जीजीआईसी के रामजी यादव व पूरे नंदा तिवारी इंटर कॉलेज के शिक्षक राधेकृष्ण यादव ड्यूटी से अनुपस्थित मिले।
इसे परीक्षा में बाधा पहुंचाने के उद्देश्य से ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए तीनों चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। साथ ही शिक्षक का एक दिन का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक आरबी सिंह चौहान ने बताया कि नकलविहीन व शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने को लेकर हर तैयारी कर ली गई है। प्रश्नपत्रों का वितरण 10 वाहनों के माध्यम से किया जा रहा है।
लेकिन तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मी व एक शिक्षक परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में रुचि न लेते हुए मौके से अनुपस्थित मिले। इसे घोर लापरवाही मानते हुए तीनों को निलंबित करके शिक्षक का वेतन काट स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।