आमने-सामने भिड़ीं बाइक, दो की मौत
फैजाबाद। मवई थाना क्षेत्र के माजनपुर गांव के निकट बृहस्पतिवार देर शाम आमने-सामने हुई बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। मवई के रामदीन पुरवा गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रहे बाराबंकी जिला के टिकैतनगर थाना के ग्राम लौटनवाबाग निवासी शिवप्रसाद पुत्र तिलई की बाइक की टक्कर सामने से आ रहे मवई थाना क्षेत्र के दिलावलपुर निवासी मोहित की बाइक से हो गई।
आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर से लौटनवाबाग के शिवप्रसाद (35) और दिलावल पुर निवासी मोहित (28) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, लौटनवाबाग निवासी मरजीराम (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी मवई में भर्ती कराया गया है।
सीएचसी मवई के चिकित्सक डॉ. फराज ने बताया कि दो घायलों की मृत्यु मौके पर ही हो गई थी एक अन्य भी गंभीर रूप से घायल है। जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उपनिरीक्षक दिवाकर ने बताया कि चालकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। परिवारीजनों को सूचना दी गई है।