तीन सगे भाइयों पर हमला, छह पर केस
हनुमतनगर। पूराकलंदर थान क्षेत्र के भगवाभीट गांव में शनिवार को खेत से लौट रहे किसान पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इसमें तीन सगे भाइयों को चोटें आई, जिनमे एक की हालत काफी गंभीर है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर छह लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया।
भगवाभीट में मूड़ाडीह निवासी राजाराम यादव द्वारा चकरोड पर छप्पर रखने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है, जिसको लेकर आए दिन लोगों से विवाद होता रहता है। भगवाभीट निवासी एकादशी यादव खेत से भिंडी लेकर घर आ रहे थे, तभी दबंगों ने उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। भाई की चीख पुकार सुन दौड़े उनके दो सगे भाई रघुनाथ यादव व हरिराम यादव पर भी दबंगों ने हमला बोल दिया। पुलिस ने तीनों को मेडिकल के लिए जिला चिकित्सालय भेजा, जहां एकादशी की हालत गंभीर होने पर भर्ती कर लिया गया, बाकी को मेडिकल के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने चोटहिल हरीराम यादव की तहरीर पर राजाराम यादव, घनश्याम, राकेश, हरिकेश, राजराम और घनश्याम की पत्नी नाम अज्ञात निवासीगण मूडाडीह थाना महराजगंज के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय ने कहा कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनका रविवार को चालान किया जाएगा।
- अंतिम फाइल