उचक्कों ने झांसा देकर उड़ाए 80 हजार
फैजाबाद। थाना तारुन से चंद कदम की दूरी पर स्थित सेंट्रल बैंक शाखा पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे धन जमा करने आए एक व्यक्ति को बैंक में मौजूद दो लोगों ने झांसा देकर 80 हजार रुपये से भरा बैग उड़ा लिया। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज के सहारे उचक्कों की तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
तारुन थाना क्षेत्र के नेतवारी चतुरपुर मजरे तौधकिया निवासी रामनाथ वर्मा (42) के घर में 26 फरवरी को घर में शादी थी। जिसके लिये किसान क्रेडिट कार्ड से बड़ौदा पूर्वी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखा केसरुवा से रुपये निकाले थे। शादी के बाद बचे हुए 80 हजार रुपये जमा करने के लिये वह गुरुवार को सुबह घर से साइकिल द्वारा सेंट्रल बैंक तारुन में आया। बैंक में दो अजनबी लोग उससे मिले और पैसा जमा कराने के लिए जमा पर्ची ली। जमा पर्ची भरते के बहाने दोनों युवक पीड़ित के साथ बैंक के बाहर आये और रुपये से भरा झोला लेकर फरार हो गये। पीड़ित ने बताया कि रुपये से भरे बैग में दोनों बैंक की पासबुक भी थी। पीड़ित ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी की तलाश में जुटे रहे, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बैंक के बाहर सीसीटीवी कैमरा न लगा होने से आरोपियों के जाने की पुष्टि नहीं हो सकी। थाना प्रभारी श्री निवास पांडेय ने बताया कि घटना संदिग्ध है। जांच की जा रही है।