शनिवार को गुदड़ी बाजार मार्ग पर लूट की वारदात के बाद कोतवाली में पीड़ित से घटनाक्रम की जानकारी लेते नगर कोतवाल अरुण राय।
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या-फैजाबाद मुख्य मार्ग पर शनिवार को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े प्राइवेट फर्म के एक कर्मचारी से 30 हजार रुपये लूट लिए। घटना के वक्त कर्मचारी बैंक से वापस अपने प्रतिष्ठान जा रहा था। सूचना पर पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोेतवाली क्षेत्र के व्यस्ततम चौराहे गुदड़ी बाजार के पास ही मुख्य सड़क के किनारे अंगूरीबाग निवासी कमल कुमार गुलाटी का आवास तथा इसी आवास में उनका महावीर इंटरप्राइजेज नामक प्रतिष्ठान है। इस प्रतिष्ठान से कॉस्मेटिक का थोक कारोबार किया जाता है।
शनिवार को लगभग 11:30 बजे प्रतिष्ठान संचालक कमल ने अपने कर्मचारी महाजनी टोला निवासी अजय गुप्ता को 30 हजार एक सौ रुपये देकर अंगूरीबाग स्थित इलाहाबाद बैंक में प्रतिष्ठान के खाते में जमा कराने भेजा था।
बैंक का सर्वर डाउन होने के चलते अजय झोले में रखी रकम लेकर पैदल ही वापस प्रतिष्ठान की ओर आ रहा था। इसी बीच लगभग 12 बजे नियावां चौराहे की ओर से बाइक सवार दो युवक आये और अजय को धक्का दिया और उसके हाथ से झोला छीनकर अपनी बाइक मोड़ फिर से नियावां की ओर भाग निकले।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र मेें हलचल मच गई। अजय ने सूचना प्रतिष्ठान संचालक और पुलिस को दी। नगर कोतवाल व थाना प्रभारी कैंट मौके पर पहुंचे और पीड़ित से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
इसके बाद बैंक ले जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगलवाया। सीओ सिटी डा. राजेश तिवारी ने बताया कि प्रतिष्ठान संचालक की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। कुछ सुराग मिला है, आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।