भिनगा के ईदगाह तिराहे पर एक दुकान में शनिवार को गैस वेल्डिंग मशीन की टंकी फट गई। इस हादसे दौरान दुकान के पास मौजूद एक किशोर का हाथ उड़ गया। उसे गंभीर हालात में जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
भिनगा क्षेत्र में ग्राम रजगढ़वा निवासी दिलशाद (14) पुत्र हनीफ की रिश्तेदारी नगर के मोहल्ला पुरानी बाजार निवासी बाबू खां के यहां है। बाबू खां की नगर के ईदगाह तिराहे के पास गैस वेल्डिंग की दुकान है। दिलशाद शनिवार को बाबू को खाना देने दुकान गया था। इस दौरान बाबू वेल्डिंग कर रहा था। इसी बीच अचानक टंकी तेज धमाके के साथ फट गई।
पास में मौजूद दिलशाद उसकी चपेट में आ गया। उसका बायां हाथ उड़ गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। गंभीर रूप से घायल दिलशाद को आनन फानन में संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा स्थित ट्रॉमा विंग ले जाया गया। किशोर की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया।