सीढ़ी की छत गिरने से मासूम की मौत
पटरंगा (फैजाबाद)। थाना क्षेत्र के बसौड़ी गांव में बुधवार रात एक मकान में बनी सीढ़ी की छत गिर गई, इसके मलबे में दबकर एक बच्ची की मौत हो गई। घटना की सूचना थाने पर देने गए मृतक बच्ची के पिता ने थाना प्रभारी पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है।
पटरंगा थाना के बसौड़ी गांव में रात लगभग नौ बजे गांव निवासी मो. यासिर की आठ साल की बच्ची आयशा जो जीने के रास्ते छत पर चढ़ रही थी, कि तभी अचानक जीने की छत भरभरा कर गिर गई, जिसके नीचे आयशा दब गई।
जब तक परिवारीजन उसे निकालते तब तक उसकी मौत हो गई थी। घटना की सूचना पटरंगा पुलिस को दी गयी, मौके पर पहुंचे सीओ विक्रम सिंह सहित थाना प्रभारी राजू राव पहुंचे। जहां पर बालिका के शव का पंचनामा भरकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया गया।
वहीं, मृत मासूम के पिता यासिर ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वो घटना की शिकायत देने पटरंगा थाने में गए तो वहां थाना प्रभारी ने उनके साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ भी मारा। दूसरी ओर पटरंगा थाना प्रभारी राजू राव ने थप्पड़ मारने की बात को निराधार बताया।
पड़ोसी की दीवार गिरने से चार घायल
मिल्कीपुर। थाना इनायतनगर क्षेत्र के अलीपुर खजुरी पुरे टनटनवापुर में बुधवार दोपहर दीवार ढहने से एक परिवार से चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
दोपहर करीब तीन बजे अपने टिनशेड में विमला पत्नी राम दुलारे अपने पुत्र सुग्रीव व पौत्र मंगल, विनोद के साथ बैठी थी। इस दौरान घर के बगल पड़ोसी बलराम की कच्ची दीवार टिनशेड पर जा गिरी, दीवार गिरने से चारों लोग उसी के नीच दब गए।
गुहार होने पर पासपड़ोस के लोगों ने मिट्टी हटाकर दबे लोगों को बाहर निकला। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां सभी की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां से मंगल को गंभीर चोट के चलते लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि घायल विमला, विनोद, सुग्रीव का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।