हैरिंग्टनगंज (फैजाबाद)। पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही से शनिवार को बसवार कला गांव निवासी एक किसान की हाईटेंशन लाइन के टूटे तार से करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मिल्कीपुर-खजुरहट मार्ग पर शव रख कर जाम लगा दिया।
इनायतनगर थाना क्षत्र के बसवार कला गांव निवासी किसान राजकुमार (25) सुबह खेत की सिंचाई करने के लिए पाइप लेकर जा रहा था। इसी दौरान सिर पर रखी पाइप लटके विद्युत हाईटेंशन तार में छू गई, जिससे करंट ने किसान को चपेट में ले लिया। किसान की चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचे, तक उसकी मौत हो गई।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी के सामने मिल्कीपुर-खजुरहट रोड पर शव रखकर सड़क जाम कर पावर कॉर्पोरेशन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीण दोषी अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम मिल्कीपुर केडी शर्मा, सीओ मिल्कीपुर रुचि गुप्ता, एसडीओ विद्युत सुनील चौधरी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता करनी चाहिए, मगर वह वार्ता करने को तैयार नहीं हुए। स्थिति गंभीर देख इनायतनगर, खंडासा व कुमारगंज थानों की पुलिस को मौके पर बुला लिया गया।
बाद में पावर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता व लाइनमैन के खिलाफ केस दर्ज करने के आश्वासन पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण शांत हुए। एसडीएम केडी शर्मा ने बताया कि मृतक के परिवारीवारजनों की तहरीर लेकर दोषियों पर केस दर्ज कराया जाएगा। वहीं, एसडीओ सुनील चौधरी ने बताया कि मामले की जांच कराकर मृतक के परिवारी को आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।