लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को दिनदहाड़े बोलेरो सवार बदमाशों ने एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मियों को घायल कर 20 लाख रुपये से ज्यादा की रकम लूट ली। हालांकि हल्ला-गोहार पर स्थानीय ग्रामीणों ने एक बदमाश को दौड़ाकर पकड़ लिया।
जिसको पिटाई के बाद पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस ने घायल फाइनेंस कंपनी के कर्मियों को भर्ती कराया है। अन्य बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।
लखनऊ की भारतीय माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस कंपनी ने जिले के अंजनीपुरम में अपनी शाखा खोल रखी है।
शुक्रवार की दूसरी पहर शाखा प्रबंधक आशुतोष झा अपने सहयोगी लोन अफसर बाराबंकी निवासी सतीश यादव के साथ शाखा से 20 लाख 40 हजार रुपये लेकर पड़ोसी जिला गोंडा स्थित फाइनेंस कंपनी की शाखा जा रहे थे। बाइक को हेलमेट पहने सतीश यादव चला रहा था।
दूसरी पहर करीब तीन बजे जैसे ही बाइक सवार दोनों कर्मी हाईवे पर अयोध्या कोतवाली के बूथ नंबर चार के आगे पहुंचे, तभी पीछा कर रही बोलेरो सवार बदमाशों में से एक ने रॉड से बाइक चला रहे सतीश के सिर पर हमला किया।
हेलमेट पहने होने के चलते राड का प्रहार कंधे पर लगा और वह बाइक समेत लड़खड़ाकर गिर पड़े। इसी बीच बदमाश ने शाखा प्रबंधक के सिर पर रॉड से हमलाकर घायल कर दिया और रुपयों भरा बैग छीनने की कोशिश की।
फाइनेंस कर्मी हल्ला मचाते हुए बैग लेकर फोरलेन पुल की ओर भागे तो बदमाशों ने पीछा किया। हल्ला-गोहार पर स्थानीय गांव मांझा के ग्रामीण दौड़ पड़े और एक बदमाश को पकड़ लिया। हालांकि तब तक उसके साथी बदमाश रुपयों वाला बैग छीन चुके थे और बोलेरो पर सवार होकर बस्ती की ओर भाग निकले।
ग्रामीणों ने पकड़े गये बदमाश की पिटाई की। ग्रामीणों के मुताबिक, पकड़ा गया युवक अपने को हरिश्चंद्र व निवासी जिला बस्ती बताया है। सूचना पर डीआईजी, एसपी सिटी समेत अयोध्या पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल कर्मियों को श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया और पकड़े गये बदमाश से कोतवाली ले जाकर पूछताछ की। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम को पकड़े गये बदमाश के साथ संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है।
अयोध्या कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि वारदात में शामिल बदमाशों के बाबत महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है। घायल कर्मियों को भर्ती कराया गया है। प्रकरण में लूटपाट का केस दर्ज कर कार्रवाई का जाएगी। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में है।