फैजाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र के फतेहगंज में सड़क किनारे स्थित शीतला माता का छोटा सा मंदिर बुधवार भोर एक डीसीएम की चपेट में आ गया। डीसीएम की टक्कर से मंदिर क्षतिग्रस्त गया। इसकी जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस ने मामले को किसी तरह शांत कराया और मंदिर की मरम्मत की गई।
घटना बुधवार की भोर लगभग तीन बजे की बताई गई है। चालक यहां ट्रक को पीछे करके घुमा रहा था। स्थानीय लोगों की मानें तो ट्रक को बैक करते समय अचानक ट्रक का पिछला हिस्सा इस छोटे से मंदिर से जोर से टकरा गया। इससे मंदिर अपने स्थान से हिल गया। इसका चबूतरा भी क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ लोगों को इसकी जानकारी हुई तो यहां भीड़ लगने लगी। इसी दौरान गश्ती पुलिस की टीम भी यहां पहुंच गई। मंदिर क्षतिग्रस्त होने से तनाव की आशंका में गश्ती पुलिस ने थाने को सूचना दी। मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। लोगों को इसे तत्काल दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया गया।
नगर कोतवाल के मुताबिक ड्राइवर को डीसीएम के साथ हिरासत में ले लिया गया। लोगों में व्याप्त आक्रोश को समाप्त करने के मद्देनजर अल सुबह मंदिर को यथा स्थान व्यवस्थित करके रिपेयरिंग कराकर ठीक करा दिया गया। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन को कब्जे में कर लिया गया है। मौके पर सब कुछ सामान्य है।