सोहावल। रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज चौराहे के पास लखनऊ की ओर से आ रही एक कार रविवार रात डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन पर आ गिरी।
इस बीच कार फैजाबाद की ओर से आ रही डीसीएम से टकरा गई, जिससे कार सवार अवध विवि कर्मी की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रविवार की रात लखनऊ से आ रही एक कार रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज के निकट अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और उछल कर दाईं पटरी पर पहुंच गई।
इस बीच वह फैजाबाद की ओर से आ रहे एक डीसीएम ने कार को चपेट में ले लिया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, इसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बुरी तरह घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक की पहचान जानकीपुरम निवासी निमेष चंदेल के रूप में हुई, जो अवध विवि में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर कार्यरत था।
जबकि घायलों में दो की पहचान जानकीपुरम सेक्टर-3 लखनऊ निवासी अजय सिंह (28), राहुल सिंह (25) के रूप में हुई है, वहीं तीसरे घायल युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि घटना देर रात की है, आसपास के लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, इनमें एक की मौत हो चुकी है।