भू माफिया के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश
फैजाबाद। जिला चिकित्सालय में प्रभारी चिकित्साधिकारी होम्यौपैथिक के पद पर तैनात उर्मिला देवी के पति से 56 लाख रुपये लेकर 17 लाख की जमीन दे दी गई। असलियत सामने आई तो डॉक्टर दंपती के पैरों तले जमीन खिसक गई। इस मामले में सीजेएम रवींद्र कुमार गुप्ता ने भू माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके विवेचना करने का आदेश शहर कोतवाल को दिया है।
अधिवक्ता रोहित मेहरोत्रा ने बताया कि डॉक्टर उर्मिला देवी जिला चिकित्सालय में तैनात हैं। उनके पति डॉक्टर गोविंद स्वरूप गौड़ निवासी सुरसरि कॉलोनी से डॉ. वृजकिशोर होम्योपैथिक कॉलेज में तैनात डॉ. अरविंद कुमार वर्मा की मध्यस्थता में अशफाक निवासी ताजपुर कोड़रा थाना रौनाही, जयप्रकाश व ओमप्रकाश निवासी भीखनपुर थाना कैंट से जमीन का सौदा तय किया गया। पहली किस्त में 12 लाख जरिये चेक, उसके बाद लगभग 44 लाख रुपये नगद दिए गए। भूमाफिया ने जमीन अच्छी दिखाकर बैनामे के समय उसके पीछे की जमीन का बैनामा कर दिया। डॉक्टर दंपती जमीन पर कब्जे के लिए गए तो असलियत सामने आई। उन्होंने खुद को ठगा जान इसकी शिकायत एसएसपी और कोतवाल से की, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। तब न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया।