मसौधा। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भगवाभीट गांव के पास फैजाबाद-वाराणसी रेल मार्ग पर रविवार सुबह एक युवक की क्षतविक्षत लाश पाई गई। घटना के पीछे हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूराकलंदर थाना क्षेत्र के सनेथू मजरे राम फकीर का पुरवा निवासी ननकऊ का पुत्र विजय कुमार (25) का क्षतविक्षत शव रविवार सुबह तकरीबन 8 बजे फैजाबाद-वाराणसी रेल मार्ग पर भगवाभीट गांव के पास ट्रैक पर पड़ा मिला। नित्य क्रिया को निकले ग्रामीणों ने पैर कटी लाश की शिनाख्त की। सूचना पर पहुंची पूराकलंदर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं मृतक के पिता ननकऊ ने घटना पर अनहोनी का अंदेशा जताते हुए बेटे विजय कुमार की हत्या किए जाने और लाश को रेल ट्रैक पर फेंक देने का अंदेशा जताते हुए भगवाभीट गांव के एक ही परिवार के रामनरायन यादव, राजेश समेत अन्य दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पूराकलंदर पुलिस को दी है। मृतक विजय खेती किसानी के साथ ट्रक चालक का भी काम करता था।
पूराकलंदर थाना प्रभारी सुनील सिंह का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत होता है, क्योंकि जो बात अब तक की जांच में सामने आई है वह प्रेम प्रसंग से जुड़ी हुई है। कहा कि मृतक के पिता की तहरीर पर 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच्चाई सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।