अयोध्या। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के अयोध्या आगमन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत मंगलवार को अयोध्या पहुंचे और शिवसेना प्रमुख के 16 जून को प्रस्तावित दौरे की तैयारी को लेकर पार्टी के पदाधिकारियाें एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद संजय राउत ने कहा कि हम चाहते हैं कि राममंदिर मोदी व योगी के नेतृत्व में बने, हम रामभक्त उनके साथ होंगे। बोले, उद्धव जी खुद कारसेवा करने आएंगे।
शिवसेना प्रवक्ता ने बताया कि 16 जून को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे 18 सांसदों के साथ अयोध्या आएंगे और रामलला का दर्शन करेंगे।
कहा कि पिछली बार जब शिवसेना प्रमुख अयोध्या आए थे तो उन्होंने वादा किया था कि वह फिर आएंगे। शिवसेना प्रमुख का अयोध्या से भावनात्मक रिश्ता है।
यहां उनका कार्यक्रम दर्शन-पूजन का है कोई राजनीतिक प्रदर्शन नहीं है। बताया कि कल मेरी मुलाकात सीएम से हुई है उनका भी आशीर्वाद मिला है। वह भी चाहते हैं कि उद्धव ठाकरे बार-बार अयोध्या आते रहे।
हम एक साथ अगर यहां आते रहे तो राम मंदिर का कार्य भी जल्दी होगा। शिवसेना सांसद ने गृहमंत्री अमित शाह की भी तारीफ की।
कहा कि अमित शाह जब से गृहमंत्री हुए हैं तब से मुझे लगता है कि धारा 370 खत्म करने के दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं। एक मजबूत गृहमंत्री देश को मिला है। कश्मीर और देश की सुरक्षा पर कठोर कदम उठाया जाएगा।
मोदी को राममंदिर के लिए मिला जनादेश
संजय राउत ने कहा कि मोदी सरकार को जिस तरह जनादेश मिला है, यह राम मंदिर का जनादेश है। इतनी विशाल जीत में रामलला का आशीर्वाद है।
देश में मोदी तो उत्तर प्रदेश में योगी के नेतृत्व में विजय प्राप्त हुई है। महाराष्ट्र में उद्धव जी के नेतृत्व में शिवसेना को विजय प्राप्त हुई है यह सब राम की कृपा है।
राम मंदिर नहीं बनेगा यह सवाल ही नहीं पैदा होता। अब फैसले की घड़ी है 2019 का चुनाव राम मंदिर के नाम पर आखिरी चुनाव था। कहा कि राममंदिर को लेकर हमारा कोई दबाव नहीं है। हम सरकार के साथ हैं राम मंदिर का निर्माण मोदी और योगी के हाथ से ही होगा। पर्दे के पीछे कुछ ना कुछ हो रहा है साधु-संतों का आशीर्वाद चाहिए दबाव नहीं ।